Rewari Police Appeal: पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी हेमेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस ने जिले के सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि रेवाड़ी पुलिस समाज को अपराध एवं नशामुक्त बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इस अभियान को सफल बनाने में आमजन की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को अपने क्षेत्र में नशा तस्करी, अवैध शराब का कारोबार, जुआ-सट्टा, हथियारों की अवैध तस्करी, चोरी का सामान खरीदने-बेचने, साइबर ठगी, संगठित अपराध अथवा किसी भी प्रकार की अन्य अवैध गतिविधि की जानकारी मिलती है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को नजदीकी थाना या डायल 112 पर दें।
उन्होंने कहा कि आमजन द्वारा दी गई प्रत्येक सूचना पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी तथा सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम, पहचान एवं व्यक्तिगत विवरण पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा। किसी भी नागरिक को अपनी पहचान उजागर होने की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। रेवाड़ी पुलिस सूचना देने वाले प्रत्येक जागरूक नागरिक की सुरक्षा एवं गोपनीयता सुनिश्चित करेगी।
पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा ने कहा कि अपराध और नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। नागरिकों के सहयोग से ही अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशामुक्त बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि रेवाड़ी पुलिस कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा जिले में शांति एवं सुरक्षित वातावरण कायम रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। नागरिकों के सहयोग से रेवाड़ी को अपराध एवं नशामुक्त बनाने का लक्ष्य और अधिक प्रभावी ढंग से प्राप्त किया जा सकता है। “आपकी एक सूचना किसी परिवार को बर्बाद होने से बचा सकती है। आइए, रेवाड़ी को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और नशामुक्त बनाने में रेवाड़ी पुलिस का सहयोग करें।”








