Rewari News: डीसी अभिषेक मीणा ने मानसून सीजन में बरसात के कारण पैदा होने वाली जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए बुधवार को संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ रेवाड़ी शहर के रेलवे रोड, गढ़ी बोलनी रोड, आनंद नगर, दक्ष प्रजापति चौक, मॉडल टाउन, दिल्ली रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर नालों व सीवरेज की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीसी अभिषेक मीणा ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर के क्षेत्रों में बॉक्स टाइप नालों की सफाई, हाइड्रोलिक मशीन और बकेट टाइप उपकरणों से तेजी से की जानी सुनिश्चित हो। जिला प्रशासन द्वारा कार्य योजना बनाते हुए नियमित निगरानी, रिपोर्टिंग और जन-सहयोग से जलभराव की समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बरसात के दौरान कहीं पर भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए, इसके लिए संबंधित विभाग जिम्मेदार होगा।
उन्होंने निर्देश दिए कि शहर में कोई भी नाला बिना सफाई के नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि मानसून सीजन में बरसात के मद्देनजर जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए टीम पूरी तरह अलर्ट रहें और फील्ड में जाकर संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों का दौरा करें ताकि जिला में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।
डीसी ने कहा कि सीवरेज सिस्टम में सफाई और जल निकासी की पूरी व्यवस्था समय रहते पूर्ण हो। उन्होंने कहा कि शहर के सीवरेज, नालों सहित सभी सार्वजनिक क्षेत्रों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए ताकि बरसात के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। डीसी ने निर्देश दिए कि जनस्वास्थ्य विभाग, शहरी निकाय, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण योजनाबद्ध तरीके से कार्य करते हुए शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में जलभराव न हो इसके लिए नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का पूरा प्रयास है कि नागरिकों को बरसात के कारण किसी प्रकार की परेशानी न उठानी पड़े और यह तभी संभव है जब संबंधित विभाग आपसी तालमेल व समन्वय से कार्य करते हुए स्थिति पर नजर रखें। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे बरसात होने की संभावना के साथ ही टीम के साथ अलर्ट हो जाएं। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग जलभराव की समस्या से निजात पाने के लिए कर्मचारियों को जल निकासी के लिए उपकरण व संसाधन उपलब्ध करवाएं।
संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था की करें मॉनिटरिंग : डीसी
डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि संबंधित अधिकारी अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था की मॉनिटरिंग करते हुए जलभराव न होने देेंं। उन्होंने रेवाड़ी, धारूहेड़ा व बावल शहरी क्षेत्र सहित ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए नगर परिषद, सिंचाई, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण व जनस्वास्थ्य विभाग के साथ ही लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को जल निकासी के लिए व्यापक प्रबंध सुनिश्चित करने बारे सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के मद्देनजर जहां कहीं भी जलभराव की स्थिति पैदा होती है वहां संबंधित विभाग जल निकासी के लिए तत्परता से कार्यवाही करते हुए आवश्यक प्रबंध करें।
उन्होंने नालों की सफाई करने के आदेश देते हुए कहा कि शहर में कहीं भी जलभराव न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाएं और इसके लिए सभी नाले साफ होने चाहिए। उन्होंने कहा कि एमसी एरिया में बहुत सी ऐसी जगह है जहां पर जलभराव की अधिक समस्या है। इन सभी जगहों पर मेनपावर लगाने के साथ-साथ पंप सेट भी लगाए जाएं।






