Rewari Crime News: थाना जाटूसाना पुलिस ने EHC कृष्ण कुमार हत्याकांड में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान गांव नैनसुखपुरा निवासी मनोज कुमार के रूप में हुई है। पुलिस इस मामले में एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
मामले की पृष्ठभूमि और झूठी कहानी का पर्दाफाश
जांचकर्ता ने बताया की शुरुआती सूचना के अनुसार, गत 11 मई को रेवाड़ी में रह रहे हरियाणा पुलिस के कर्मचारी कृष्ण कुमार (निवासी गांव नैनसुखपुरा) की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। घटना के बाद, मामले को दबाने और पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से गांव गांव नैनसुखपुरा सुमन ने एक मनगढ़ंत कहानी रची थी। सुमन का दावा था कि 10 मई की रात को उसका अपने पति मनोज के साथ झगड़ा हुआ था, जिसके बाद उसने कृष्ण कुमार को मदद के लिए बुलाया था।
सुमन के अनुसार, जब वह थाने से शिकायत देकर लौट रहे थे, तब कृष्ण कुमार सड़क किनारे रुके और किसी अज्ञात मोटरसाइकिल की टक्कर से दुर्घटना का शिकार हो गए। पुलिस ने शुरुआती तौर पर इस सूचना के आधार पर थाना जाटूसाना में सड़क दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मां के बयानों से खुला राज
पुलिस की गहन तफ्तीश के दौरान मामले में असली मोड़ तब आया, जब मृतक कृष्ण कुमार की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई। वैज्ञानिक साक्ष्यों (पोस्टमार्टम रिपोर्ट) ने साफ कर दिया कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि एक बर्बर हत्या थी। रिपोर्ट में मृतक के शरीर पर करीब 15 गंभीर चोटों के निशान और किसी नुकीली चीज से वार किए जाने की पुष्टि हुई।
इसी बीच, 27 मई को मृतक की मां संतोष देवी ने सामने आकर आरोपियों की इस क्रूर साजिश का पर्दाफाश किया। मां के बयानों के अनुसार, 10 मई की रात करीब 2:30 बजे कृष्ण कुमार खून से लथपथ हालत में उनके पास पहुंचा था। कृष्ण ने अपनी मां को बताया था कि सुमन ने उसे धोखे से घर बुलाया था, जहाँ सुमन और मनोज ने उसे दबोच लिया। इसके बाद मनोज ने पैनी चीज से, शेर सिंह ने डंडे से और जतिन ने नुकीली चीज से उस पर ताबड़तोड़ वार किए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद सबूत मिटाने के उद्देश्य से इसे एक्सीडेंट का रूप देने की कोशिश की गई थी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के वैज्ञानिक साक्ष्यों और मृतक की मां संतोष देवी के बयानों के आधार पर थाना जाटूसाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत मुकदमे में हत्या की धारा ईजाद की थी।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस हत्याकांड में शामिल एक आरोपी जतिन कुमार को पहले ही गिरफ्तार करके सलाखों के पीछे भेज दिया था, और अब शनिवार को इस मामले में संलिप्त दूसरे मुख्य आरोपी मनोज कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को पेश अदालत करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया हैं। मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की धरपकड़ और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस की टीमें लगातार तफ्तीश में जुटी हैं।
इस संबंध में एसपी रेवाड़ी श्री हेमेंद्र कुमार मीणा ने कहा कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।








