Haryana News: हरियाणा में गरीबी रेखा से नीचे (BPL) जीवन जी रहे परिवारों के लिए 500 रुपये में गैस सिलेंडर प्राप्त करने के लिए विशेष योजना शुरू की गई थी। इस योजना को “हर घर हर गृहिणी” नाम दिया गया है। लेकिन, इस योजना के लागू होने के एक साल बाद भी योजना के लिए रजिस्ट्रेशन संख्या बहुत कम देखी जा रही है। अब तक, कुल 46 लाख बीपीएल परिवारों में से केवल 17.5 लाख ने ही रजिस्ट्रेशन कराया है।
सरकार को संदेह है कि कुछ लोग फर्जी बीपीएल परिवार बनकर योजनाओं का लाभ उठाने का प्रयास कर रहे हैं। यही वजह है कि, इन परिवारों की वेरिफिकेशन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इससे उन परिवारों को डर लग रहा है, जिनकी पहचान सही नहीं हो सकती या जिन्होंने जानबूझकर गलत जानकारी दी हो। खाद्य आपूर्ति विभाग ने इन परिवारों की सटीक पहचान सुनिश्चित करने के लिए विशेष जांच अभियान शुरू कर दिया है।
खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने इस बात की पुष्टि की कि इस योजना के लिए आवेदन करने वालों की भी जांच की जाएगी ताकि कोई भी अवैध लाभ न उठा सके।
हरियाणा सरकार ने 12 अगस्त, 2024 को “हर घर हर गृहिणी” योजना की घोषणा की थी। इस योजना के तहत बीपीएल कार्डधारी और अंत्योदय परिवारों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर प्रदान किया जा रहा है। योजना के तहत प्रत्येक परिवार को साल में 12 सिलेंडर दिए जाएंगे, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए रसोई गैस का खर्च काफी कम किया जा सके।






