Haryana News: हरियाणा रोडवेज को आर्थिक नुकसान पहुंचाने वाले निजी बस संचालकों पर अब सरकार की नजर टेढ़ी हो गई है। परिवहन मंत्री अनिल विज ने उन मामलों की जांच के आदेश दिए हैं, जहां निजी बसें निर्धारित समय से पहले चलकर सरकारी बसों से सवारियां छीन रही हैं। यह जानकारी खुद मंत्री ने चंडीगढ़ में एक प्रेस वार्ता के दौरान साझा की।
मंत्री विज ने बताया कि उनके संज्ञान में यह मामला आया है कि राज्य के विभिन्न डिपो से संचालित होने वाली निजी बसें उन्हीं रूटों पर सरकारी बसों से 5 से 10 मिनट पहले चल दी जाती हैं। नतीजतन, रोडवेज की बसों को पर्याप्त यात्री नहीं मिल पाते, जिससे राज्य को राजस्व की हानि हो रही है।
परिवहन मंत्री ने कहा कि निजी बसों के रूटों और समय का निर्धारण ठीक से नहीं किया गया है। इसलिए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे इन रूटों और उनके टाइम टेबल का अध्ययन करें और जरूरत हो तो बदलाव करें।
मंत्री ने हरियाणा राज्य परिवहन निगम के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे इन सभी मामलों की गहन जांच करें और अध्ययन की विस्तृत रिपोर्ट सौंपें, जिससे रोडवेज को हो रहे नुकसान को रोका जा सके।








