PM-AJAY Scheme: डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (पीएम-अजय) अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान की दिशा में केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना का उद्देश्य पात्र परिवारों को आत्मनिर्भर बनाते हुए उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है।
डीसी अभिषेक मीणा गुरुवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में जिला स्तरीय परियोजना मूल्यांकन एवं अभिसरण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने योजना के तहत जिले में किए जा रहे कार्यों एवं प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (पीएम-अजय) सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित एक केंद्रीय योजना है। योजना के माध्यम से अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों को आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर उनकी आय में वृद्धि, कौशल विकास तथा सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें समयबद्ध तरीके से लाभान्वित किया जाए। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करें ताकि योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों तक पहुंच सके। उन्होंने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नियमित मॉनिटरिंग एवं विभागीय अभिसरण पर भी बल दिया।
इस अवसर पर एडीसी राहुल मोदी, सिंचाई विभाग के एसई प्रदीप यादव, डीआईओ सचिन, डा. ज्योति यादव, बीडीपीओ शुभम और जन स्वास्थ्य विभाग एसडीओ इंद्रजीत सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।








