Haryana Weather: हरियाणा में गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों को राहत की उम्मीद मिल रही है, क्योंकि मौसम विभाग ने 22 जून से 26 जून तक पूरे राज्य में बारिश का अलर्ट जारी किया है। रविवार सुबह से ही मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी, जिसके चलते कई जिलों में बूंदाबांदी और बारिश देखने को मिली।
रविवार सुबह पानीपत में हल्की बूंदाबांदी हुई, जबकि दोपहर तक कैथल, फतेहाबाद और नूंह में बारिश दर्ज की गई। वहीं करनाल, भिवानी, अंबाला और जींद जैसे जिलों में बादल छाए रहे और वातावरण में ठंडक घुल गई। इससे पहले शनिवार को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में वर्षा हुई थी।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (CCHAU), हिसार ने रविवार को ताजा मौसम पूर्वानुमान जारी करते हुए अगले 3 घंटे के लिए सात जिलों में गरज-चमक, 30-40 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं और हल्की बारिश की संभावना जताई है। इनमें अंबाला, करनाल, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, फतेहाबाद, हिसार और आसपास के क्षेत्र शामिल हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार शाम को जारी किए गए अलर्ट में हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में 22 से 26 जून के बीच बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार कुछ दिनों में हल्की वर्षा, तो कुछ दिनों में मध्यम बारिश देखने को मिलेगी।








