Haryana Weather: हरियाणा में मानसून ने अपनी दस्तक दे दी है और इसके साथ ही प्रदेश का मौसम बेहद सुहावना हो गया है। मौसम विभाग के चंडीगढ़ केंद्र के अनुसार, गुरुवार को हरियाणा के सभी 22 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। कई जिलों में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं और कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो चुकी है।
इन जिलों में हो सकती है तेज बारिश
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, पंचकूला, अंबाला, करनाल और यमुनानगर में आज तेज बारिश हो सकती है। इन जिलों में लोगों को जलभराव और ट्रैफिक को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
सोनीपत, पानीपत, कैथल, कुरुक्षेत्र, जींद, रोहतक, भिवानी, हिसार, फतेहाबाद और सिरसा में मध्यम बारिश के आसार हैं। पानीपत में सुबह हल्की बारिश दर्ज की गई है, जिससे तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है। फिलहाल इन क्षेत्रों में बादल छाए हुए हैं और ठंडी हवाओं से मौसम खुशनुमा हो गया है।
चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात में आज हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। यहां बारिश भले ही अधिक न हो, लेकिन उमस और गर्मी से कुछ राहत जरूर मिलेगी।






