Rewari: रेवाड़ी जिला की सड़कों के नवीनीकरण व सुधारीकरण कार्य पर प्रशासन पूरी सजगता से मॉनिटरिंग कर रहा है। डीसी अभिषेक मीणा ने सम्बंधित अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में चल रहे विकास कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए हैं। डीसी ने कहा कि आमजन के लिए मजबूत सड़क सुरक्षा तंत्र विकसित करते हुए सुगम यातायात व्यवस्था प्रदान करना प्रशासन का दायित्व है जिसमें विभाग अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करे।
जिला प्रशासन की ओर से एडीसी राहुल मोदी सड़क नवीनीकरण व सुधारीकरण प्रक्रिया का निरीक्षण करते हुए हर पहलू पर फोकस कर रहे हैं। गौरतलब है कि हाल ही में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश भर की सड़कों को दुरुस्त करने बारे सम्बंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए थे।
मुख्यमंत्री के आदेशों की अनुपालना करते हुए रेवाड़ी में एडीसी राहुल मोदी ने जिला की सड़कों के मरम्मत व निर्माण कार्यों की वास्तविक स्थिति की जांच की। एडीसी ने लोक निर्माण विभाग द्वारा गढ़ी बोलनी रोड स्थित कसौला चौक तथा मार्केटिंग बोर्ड द्वारा बनाए जा रहे बालधन कलां से गुड़ियानी रोड़ पर चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।
एडीसी ने सम्बन्धित अधिकारियों को चल रहे निर्माण कार्यों में निर्माण सामग्री की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला में जिन सड़कों की मरम्मत की जानी है, उनका शीघ्र कार्य पूरा करवाया जाए तथा जिन सड़कों का निर्माण कार्य शुरू होना है, उनका कार्य भी जल्द शुरू किया जाए।
एडीसी राहुल मोदी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के स्पष्ट निर्देश है कि इस कार्य में किसी प्रकार की देरी व लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र की सड़कों की मरम्मत के काम को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।






