Rewari Crime News : थाना खोल पुलिस ने क्षेत्र में एक बेहद शर्मनाक करने के मामले में कार्रवाई करते हुए एक जूनियर कोच को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर अपनी ही शिष्या, एक नाबालिग हॉकी खिलाड़ी, के साथ दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश कर 2 दिन के रिमांड पर लिया है।
क्या है पूरा मामला? पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता क्षेत्र के ही एक गांव की रहने वाली है और 12वीं कक्षा की छात्रा है। वह हॉकी की खिलाड़ी है और आरोपी जूनियर कोच को पिछले 3 साल से जानती थी। आरोप है कि गुरु-शिष्या के पवित्र रिश्ते को कलंकित करते हुए कोच ने करीब 4 महीने पहले स्टेडियम के बाथरूम में छात्रा के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
गर्भपात के बाद सामने आई सच्चाई : दुष्कर्म की इस घटना के कारण नाबालिग छात्रा गर्भवती हो गई थी। बीती 5 जनवरी को छात्रा का गर्भपात (Miscarriage) हो गया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। जब परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, तब जाकर इस घिनौनी करतूत का खुलासा हुआ।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई : परिजनों की शिकायत पर 9 जनवरी को थाना खोल पुलिस ने आरोपी कोच के खिलाफ पोक्सो एक्ट (POCSO Act) और दुष्कर्म की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत छापेमारी की और शुक्रवार को आरोपी जूनियर कोच को गिरफ्तार कर लिया।
जांच जारी : जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश करके पूछताछ के लिए 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, ताकि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की गहनता से जांच की जा सके।








