Haryana News: हरियाणा में सोनीपत जिले के राठधाना गांव के पास नेशनल हाईवे 334बी पर रविवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे ने न सिर्फ एक परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया, बल्कि पूरे गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है।
हादसे में जान गंवाने वाली महिला की पहचान वर्षा (32 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गांव दीपालपुर (सोनीपत) की रहने वाली थीं और उनका विवाह रोहतक जिले के गांव बोहर में हुआ था। उनके साथ बाइक पर सवार 12 वर्षीय बेटा प्रवेश भी इस हादसे का शिकार हो गया।
पुलिस के अनुसार, वर्षा अपने बेटे प्रवेश के साथ बाइक पर सवार होकर अपने मायके दीपालपुर जा रही थीं। वे वहां गर्मी की छुट्टियों में रुके हुए अपने दो अन्य बच्चों को लेने जा रही थीं। इसी दौरान 334बी हाईवे पर राठधाना के पास एक तेज़ रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वर्षा और प्रवेश की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से ट्रक और उसके ड्राइवर को कब्जे में ले लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वर्षा और उनके बेटे के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत नागरिक अस्पताल भेजा गया है।








