HBSE Board Exams: रेवाड़ी डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) की एक अप्रैल तक आयोजित होने वाली 10वीं, 12वीं व डीएड की वार्षिक परीक्षाओं के लिए संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित ड्यूटी का गंभीरता से पालन करें। परीक्षा नकल रहित, शांतिपूर्ण हो, इसके लिए सभी दिशा निर्देशों की सख्ती से पालना सुनिश्चित की जाए।
रेवाड़ी डीसी अभिषेक मीणा ने बुधवार को लघु सचिवालय सभागार में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) की वार्षिक परीक्षा के मद्देनजर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इससे पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के सभी उपायुक्त के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वीसी उपरांत डीसी ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों की पालना जिला प्रशासन द्वारा प्रभावी रूप से की जाएगी।
रेवाड़ी डीसी ने कहा कि एसडीएम, डीईओ, बीईओ सहित अन्य विभागीय अधिकारियों की अगुवाई में परीक्षाओं के लिए उड़नदस्तों का गठन किया गया है। विद्यार्थी बोर्ड की हिदायत अनुसार शांति पूरक परीक्षा दें। ड्यूटी पर तैनात संबंधित अधिकारी व सुपरवाईजर सभी हिदायतों का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि बोर्ड परीक्षा शांतिप्रिय ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है। किसी भी रूप से भ्रामक जानकारी फैलाने व फेक न्यूज पर प्रशासन की पैनी नजर है। उन्होंने आमजन को सचेत किया कि आधारहीन खबरों व अन्य भ्रामक जानकारी से बचें और कोई भी इस प्रकार की तथ्यहीन जानकारी साझा न करें।
परीक्षा केंद्रों पर रहे व्यापक व्यवस्था
डीसी अभिषेक मीणा ने एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा के साथ जिला के विभिन्न परीक्षा केंद्रों में आयोजित की गई परीक्षा के दौरान व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीसी ने नकल रहित परीक्षा सम्पन्न करवाने के लिए ड्यूटी पर तैनात स्टाफ सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। नकल रहित परीक्षा सम्पन्न करवाने के लिए जिला में गठित की गई उड़नदस्ता की टीमें भी सतर्क रही।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं पेयजल, बिजली, शौचालय एवं बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी परीक्षा केंद्रों का निरंतर निरीक्षण करें। सभी अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षाओं की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। डीसी ने जिला के सरपंचों से भी आह्वान किया है कि वे अपने-अपने गांवों में बनाए गए परीक्षा केंद्रों के बाहर भीड़ एकत्रित न होने दें।
जिला में 54 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही बोर्ड परीक्षा
डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी (HBSE) के तत्वावधान में आयोजित परीक्षा के अंतर्गत जिला रेवाड़ी में 54 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिसके तहत 10वीं में 8502, 12वीं में 8476 तथा डीएड में 376 परीक्षार्थी शामिल हैं। परीक्षा नकल रहित करवाने के लिए बोर्ड स्तर, एसडीएम स्तर तथा खंड शिक्षा अधिकारी स्तर पर फ्लाईंग स्क्वायड का गठन किया गया है, जिसके तहत परीक्षा केंद्रों पर चेकिंग की जाएगी।
सभी संबंधित विभागों के अधिकारी ईमानदारी, निष्पक्षता और अलर्ट मोड में कार्य करें। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन व डिजिटल वॉच पर पाबंदी रहेगी। डीसी ने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों में विद्यार्थियों की एंट्री के दौरान सही से जांच हो।








