Haryana Ration Card: हरियाणा में राशन कार्ड धारकों से जुड़ी बड़ी खबर सामने आ रही है। प्रदेश में जुलाई महीने में भी 1 लाख 17 हजार 361 लोगों के राशन कार्ड काटे जाएंगे। इनमें 2,727 एएवाई और 1,14,634 बीपीएल कैटेगरी के हैं। ये वो लोग हैं, जिन्होंने साधन संपन्न होने के बावजूद भी परिवार पहचान पत्र (PPP) में कम वार्षिक इनकम दिखा कार्ड बनवा रखे थे। क्रीड की जांच में अब ये लोग पकड़े जा रहे हैं। हालांकि, गलत मेपिंग के चलते पात्र लोगों के भी कार्ड कटने की शिकायतें विभागीय कार्यालय में रोज आ रही हैं। जिन लोगों के पास बाइक तक नहीं है, उनके PPP में कार से लेकर पाश एरिया की कोठी तक दर्शा दी है।
दरअसल, एएवाई और बीपीएल कार्ड धारकों को केंद्र सरकार की ओर से हर महीने प्रति यूनिट 5 किलोग्राम गेहूं फ्री में दिया जाता है। जबकि 1 किलोग्राम चीनी के 13.50 रुपए और 2 लीटर सरसों तेल के केवल 40 रुपए देने पड़ते हैं।
हरियाणा में गलत मैपिंग की वजह से भी कट रहे कार्ड

खबरों की मानें, तो पानीपत डिपो एसोसिएशन के प्रधान मुकेश ने बताया कि हर महीने लोगों के कार्ड कट रहे हैं, लेकिन इनमें कुछ लोगों के कार्ड विभाग की गलत मैपिंग के चलते भी कट रहे हैं, जबकि वो लोग पात्र हैं। उन्होंने बताया कि किसी के पास बाइक तक नहीं है और वह मेहनत मजदूरी करता है, फिर भी उनके परिवार पहचान पत्र में लग्जरी गाड़ी और पास एरिया में कोठी तक दिखा दी है।
सरकार चला रही कई तरह की योजनाएं
बता दें कि हरियाणा में दोनों कैटेगरी के कार्डधारकों को लेकर प्रदेश सरकार की ओर से कई योजनाएं भी चलाई गई हैं। विभाग के कर्मियों का कहना है कि किसी भी कारण की जांच के बाद ही उसकी रिपोर्ट बनाकर हेड ऑफिस में भेजी जाती है। कार्ड धारक के अपात्र मिलने पर फूड एंड सप्लाई विभाग की वेबसाइट पर अपलोड किया जाता है। जिसमें दो माह का समय लग जाता है।







