Haryana News: हरियाणा के दादरी कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा और वकील के बीच मामला बढ़ता जा रहा है। दरअसल, कृषि मंत्री ने लघु सचिवालय में मंगलवार को हुई कष्ट निवारण समिति की बैठक में एक वकील को बदतमीज और क्या तुम गुंडा हो कह दिया था। जिसके बाद वकील ने मंत्री पर एक करोड़ रुपये का मानहानि का केस कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, वकील ने मानहानि का दावा करते हुए 1 करोड़ रुपए की मांग की है और मामले की शिकायत पीएमओ को भी भेजी है। इसके अलावा इस शिकायत की एक-एक कापी मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष को भी भेजी है।
वकील ने मामले में मंत्री की विधानसभा सदस्यता रद्द करने, कष्ट निवारण समिति की बैठक का अध्यक्ष बदलने और अधिकारियों की जांच करवाने समेत अन्य मांगे उठाई हैं।
क्या बोले मंत्री
खबरों की मानें, तो मंत्री ने इस मामले पर कहा कि जिसकी जो मर्जी है वो करें।
क्या है मामला
बता दें कि मंगलवार को अयोजित कष्ट निवारण समिति की बैठक में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा अध्यक्षता कर रहे थे और लोगों की शिकायतों को सुन रहे थे। इस दौरान अधिवक्ता संजीव तक्षक ने दादरी में ओवरलोडिंग की शिकायत रखी थी। जब संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो अधिवक्ता ने कहा कि या तो आप शिकायत पर कार्रवाई नहीं करना चाहते हैं या आपके बस की बात नहीं है, ऊपर तक पूरा सिस्टम सेट है। जिस पर कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा आ गए और उन्होंने वकील को बदतमीज कह डाला तथा वहां से बाहर निकालने का आदेश दिया।








