Haryana News: हरियाणा के रेवाड़ी शहर में एक साढ़े तीन साल के मासूम बच्चे की गटर में गिरकर मौत हो गई है। यह मामला गढ़ी बोलनी रोड की हाईप्रोफाइल सोसायटी बीएमजी एलीगेंट का है।
हालांकि, उसकी जान बचाने के लिए परिजन दो निजी अस्पतालों में भी बच्चे को लेकर गए। मगर उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। फिलहाल, मॉडल टाउन थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, उस्मान अपने परिवार के साथ बीएमजी एलीगेंट सोसायटी में रहते हैं। वह उत्तर प्रदेश के जिला बुलंदशहर के जोलीगढ़ के रहने वाले हैं और रेवाड़ी में एल्युमिनियम का काम करते हैं।
खबरों की मानें, तो मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे उनका करीब तीन साल का बेटा अदनान सोसायटी में ही खेल रहा था। इसी दौरान खेलते-खेलते वह गटर के खुले मैनहोल में जा गिरा। आस-पास के लोगों ने तुरंत मामले की जानकारी उसके परिजनों को दी।
बताया जा रहा है कि करीब 25 मिनट की मशक्कत के बाद अदनान को बाहर निकाला गया और इसके बाद उसे तुरंत शहर के प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन उसे दूसरे अस्पताल में भी लेकर गए। लेकिन, वहां भी डॉक्टरों से ये जवाब मिला।
वहीं सूचना के बाद मौके पर पहुंचीं मॉडल टाउन थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।






