Haryana Crime News: हरियाणा के रेवाड़ी से एक बड़ी खबर आ रही है। खबरों की मानें, तो यहां बावल क्षेत्र के एक गांव से थार गाड़ी में आए चार-पांच युवक एक युवती का अपहरण कर ले गए है। आरोप है कि विरोध करने पर युवती की बुआ और उसके परिजनों के साथ भी मारपीट की गई। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, नारनौल के नांगल चौधरी के पास एक गांव निवासी 23 साल की युवती अपनी बुआ के गांव में आई हुई थी। युवती का एक पास के गांव में ही रिश्ता तय हुआ है और कुछ दिन बाद उसकी शादी तय होनी थी। बताया जा रहा है कि सोमवार की सुबह एक थार गाड़ी आकर रुकी। उसमें चार-पांच युवक उतरकर घर की ओर चले गए। आरोप है कि इन युवकों ने युवती को जबरन गाड़ी में डालने का प्रयास किया। इसी दौरान युवती की बुआ और उसके परिजनों ने युवकों का विरोध शुरू कर दिया।
आरोप है कि लाठी-डंडों से लैस युवकों ने उनके साथ मारपीट की। उन्होंने अपने घर में घुसकर जान बचाई। इसके बाद आरोपी युवती को गाड़ी में बैठाकर फरार हो गए। बताया जा रहा है किपरिवार कुएं के पास बने मकान में रह रहा है, इसलिए मदद के लिए ग्रामीण भी मौके पर नहीं मिला।
सीसीटीवी कैमरे से कैद हुआ आरोपियों के कार का नंबर
इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की। बताया जा रहा है कि आरोपी जिस थार कार से आए थे। उसका नंबर सीसीटीवी में कैद हो गया है। जिसके आधार पर युवती और आरोपियों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने की बात से भी इनकार नहीं किया है। दिनदहाड़े युवती के अपहरण की घटना से लोगों में रोष है।






