Haryana Crime News: हरियाणा के हिसार जिले से पुलिस ने गांव कापड़ो के एक युवक को हनी ट्रैप में फंसाकर 8 लाख रुपये लेते हुए एक महिला सहित दो लोगों को अरेस्ट किया है।
बताया जा रहा है कि एक महिला ने पहले एक युवक पर दुष्कर्म का केस दर्ज करवाया और इसके बाद समझौते के नाम पर युवक की मां से आठ लाख रुपये की डिमांड की। मां ने यह जानकारी पुलिस को दे दी। जिसके बाद जाल बिछाकर आरोपियों को अरेस्ट कर लिया गया है। फिलहाल, पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया है और उन्हें एक दिन के रिमांड पर लिया है। ताकि, ये पता लगाया जा सके कि उन्होंने कितने लोगों को अपने जाल में फंसाया है।
खबरों की मानें, तो सदर थाना नरवाना में 8 जनवरी को एक महिला ने युवक पर रेप का मामला दर्ज करवाया था। जिसकी जांच DSP अमित भाटिया की ओर से की जा रही थी। वहीं, मामले में आरोपी युवक की मां ने DSP अमित भाटिया को एक शिकायत दी थी कि रेप का आरोप लगाने वाली महिला उसके परिवार से मामले को रफा-दफा करने के बदले में 8 लाख रुपये की डिमांड कर रही है और उन्होंने अपने बेटे को इस फर्जी केस से बचाने के लिए एक लाख रुपये एडवांस में भी दे दिए है।
DSP अमित भाटिया ने इस मामले की जांच CIA इंचार्ज सुखदेव सिंह को सौंपी। जिसके बाद ASI रमेश कुमार के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया और आठ लाख रुपये की नकदी के सीरियल नंबर नोट करके शिकायतकर्ता को सौंप दी। उसके बाद रुपये लेने के लिए शिकायतकर्ता को गांव उचाना कलां में एक परचून की दुकान पर बुलाया गया। जैसे ही आरोपी महिला ने शिकायतकर्ता से 8 लाख रुपये लिए तो उसी समय CIA नरवाना की टीम मौके पर पहुंच गई और आरोपी महिला को आठ लाख रुपये की नकदी समेत गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने चार के खिलाफ दर्ज किया केस
पुलिस का कहना है कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान गांव कहसून निवासी बलिंद्र और उचाना कलां वासी एक महिला के रूप में हुई। महिला शिकायकर्ता ने आरोप लगाया कि उनको ब्लैकमेल करने में गांव कहसून निवासी संदीप और जसमेर भी शामिल है। पुलिस ने फिलहाल, चारों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।








