Gurugram police और हरियाणा एसटीएफ ने गायक राहुल फाजिलपुरिया की हत्या की साजिश को नाकाम कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पांच शार्प शूटरों को गिरफ्तार किया है, जो विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टरों के लिए काम करते थे।
गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ और गुरुग्राम क्राइम ब्रांच की टीमों ने पटौदी रोड स्थित वजीरपुर इलाके में ट्रैप लगाया। इस दौरान बिना नंबर प्लेट की इनोवा कार में सवार बदमाशों को रोकने की कोशिश की गई, तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। मुठभेड़ में चार बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जबकि पांचवें को बिना चोट के काबू कर लिया गया।
एसटीएफ गुरुग्राम के डीएसपी प्रीतपाल सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान झज्जर के विनोद पहलवान, सोनीपत के पदम उर्फ राजा, शुभम उर्फ काला, गौतम उर्फ गोगी और आशीष उर्फ आशु के रूप में हुई है। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने उनके कब्जे से हथियार और अन्य सामग्री बरामद की है।
source: amar ujala








