Haryana News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य में शिक्षित युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ‘हरियाणा कांट्रैक्टर सक्षम युवा योजना’ की शुरुआत की है। इस योजना के तहत ITI, डिप्लोमा और इंजीनियरिंग डिग्री धारक बेरोजगार युवाओं को विशेष प्रशिक्षण देकर वर्क्स कांट्रैक्टर बनने के लिए तैयार किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को हरियाणा इंजीनियरिंग वर्क्स पोर्टल (HEWP) की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए इस योजना की जानकारी दी।
युवाओं को मिलेगा ठेकेदारी का प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के तहत पंजीकृत युवाओं को विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय, पलवल में 90 दिन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद पात्र युवा HEWP पोर्टल पर सूचीबद्ध होंगे, जहां से वे राज्य सरकार की निर्माण परियोजनाओं में भागीदारी कर सकेंगे।
पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया होगी आसान
मुख्यमंत्री ने बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि HEWP पोर्टल पर ठेकेदारों के लिए सरल और स्पष्ट पंजीकरण प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पंजीकरण के लिए ऑनलाइन ही सभी दस्तावेज स्वीकार किए जाएं और ठेकेदारों को किसी भी सरकारी कार्यालय के चक्कर न काटने पड़ें।








