जांचकर्ता ने बताया कि विश्वकर्मा कॉलोनी निवासी 36 वर्षीय प्रमोद कुमार ने शनिवार की रात को अपनी बाइक गली में खड़ी की हुई थी। इसी दौरान इसी गली में रहने वाले चालक सतीश की ऑटो निकालने के दौरान रास्ते में खड़ी बाइक करने को लेकर प्रमोद से कहासुनी हो गई।
इसी दौरान चालक सतीश का बेटा जतिन भी मौके पर आ गया। आरोप है कि इस कहासुनी के दौरान चालक के बेटे ने प्रमोद पर ऑटो में रखी टायर बदलने के जैक की रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में प्रमोद कुमार घायल हो गया। घटना के पश्चात आरोपी वहां से निकल गए और परिजन उसे कोसली अस्पताल में लेकर पहुंचे।
यहां पर चिकित्सकों ने घायल का प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे रेफर कर दिया। परिजन प्रमोद को पीजीआई रोहतक में ले गए जहां पर उपचार के दौरान रविवार को उसकी की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत के आधार पर पिता-पुत्र के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया था। केस दर्ज करने के पश्चात पुलिस ने सोमवार को आरोपी पिता सतीश एवं पुत्र जतिन को गिरफ्तार कर लिया।








