Haryana News: हरियाणा कांग्रेस में नेता प्रतिपक्ष (LoP) को लेकर लंबे समय से चल रहा इंतजार अब खत्म होने के करीब है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र से पहले कांग्रेस की ओर से नेता प्रतिपक्ष के नाम की घोषणा किए जाने की संभावना है। बता दें कि 22 अगस्त से 26 अगस्त तक मानसून सत्र आयोजित किया जाएगा। ऐसे में पार्टी के पास अब कुछ ही दिन शेष हैं।
पिछले कई सत्रों से नेता प्रतिपक्ष की अनुपस्थिति कांग्रेस के लिए एक राजनीतिक कमजोरी बन गई है। शीतकालीन और बजट सत्र, दोनों ही नेता प्रतिपक्ष के बिना संपन्न हो चुके हैं। भाजपा लगातार कांग्रेस पर निशाना साधती रही है कि विधानसभा में विपक्ष की प्रभावी भूमिका नहीं निभाई जा रही है, क्योंकि नेता प्रतिपक्ष की नियुक्ति टलती रही।
गौरतलब है कि 8 अक्टूबर 2024 को हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजे आए थे। कांग्रेस ने विपक्ष में रहते हुए सबसे बड़ी संख्या में सीटें हासिल की थीं, जिससे उसे नेता प्रतिपक्ष का पद स्वाभाविक रूप से मिलना था। लेकिन अब तक सीएलपी लीडर (कांग्रेस विधायक दल का नेता) नहीं चुना गया है, जिससे नियुक्ति रुकी रही।
कांग्रेस के अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक, 6 मार्च को कांग्रेस हाईकमान की एक अहम बैठक हुई थी, जिसमें नेता प्रतिपक्ष के लिए संभावित नामों पर चर्चा की गई थी। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा का नाम सबसे प्रबल दावेदार के रूप में सामने आया।








