Haryana News: हरियाणा के हिसार जिले में नकली देसी घी की बिक्री पर बड़ी कार्रवाई करते हुए सीएम फ्लाइंग टीम ने बुधवार को दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान टीम ने प्रसिद्ध ब्रांड्स के नाम से पैक किया गया भारी मात्रा में नकली घी बरामद किया। छापेमारी के बाद घी के सैंपल प्रयोगशाला भेजे गए हैं, जबकि एक दुकानदार को बिना लाइसेंस के कारोबार करने पर चालान किया गया है।
टीम की अगुवाई कर रहीं सीएम फ्लाइंग इंचार्ज सुनैना ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि नई अनाज मंडी, दुकान नंबर 140 स्थित शिबू ट्रेडिंग कंपनी पर नकली देसी घी बेचा जा रहा है। सूचना के आधार पर जब रेड की गई तो दुकान का मालिक शिवकुमार (निवासी बरवाला) मौके पर मौजूद मिला।
छापेमारी के दौरान दुकान से निम्न ब्रांड्स के लेबल लगे घी के पैकेट और टिन बरामद हुए। हरियाणा मक्खन – 225 लीटर, हरियाणा सुप्रीम – 225 लीटर, आशीर्वाद डेयरी – 108 लीटर के लेबल लगे हुए बरामद किये गए। इसके अलावा अन्य ब्रांड्स मधुसूदन, पारस, मधु, वीटा, अमूल के लेबल पाए गए।
पूछताछ में दुकानदार शिवकुमार घी की खरीद-बिक्री संबंधी कोई बिल या वैध लाइसेंस पेश नहीं कर सका। उसने बताया कि वह एक व्यक्ति मनोज से घी 170 रुपये प्रति लीटर के हिसाब से खरीदता है और थोक में 185-190 रुपये प्रति लीटर में बेचता है।
टीम के अनुसार, इतने कम दामों में शुद्ध देसी घी मिलना संभव नहीं है, जिससे इस घी के मिलावटी होने की संभावना है।








