Haryana News: हरियाणा सरकार ने शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान में एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। प्रदेश के तीन प्रमुख कॉलेजों का नाम अब उनके सम्मान में बदला जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस फैसले को प्रशासनिक मंजूरी दे दी है, जिससे बवानी खेड़ा, खरक और सांपला के कॉलेजों का नाम अब शहीदों और आज़ाद हिंद फौज के स्वतंत्रता सेनानियों के नाम पर रखा जाएगा।
खरक महाविद्यालय का नाम होगा “शहीद गजेंद्र सिंह”

राजकीय महाविद्यालय खरक (भिवानी) का नाम शहीद गजेन्द्र सिंह के नाम पर किया जाएगा। गजेन्द्र सिंह, जो बीएसएफ में सहायक कमांडेंट थे, ने 7 मार्च 2018 को छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान शहादत पाई थी। नक्सलियों द्वारा बारूदी सुरंग बिछाने और गोलीबारी के बावजूद उन्होंने साहसिक रूप से जवाबी हमला किया और अपने प्राणों की आहुति दे दी। उनके योगदान और बलिदान को याद रखने के लिए इस कॉलेज का नाम उनके नाम पर रखा जाएगा।
सांपला कॉलेज का नाम होगा “शहीद राय सिंह”
राजकीय महाविद्यालय सांपला (रोहतक) का नाम अब शहीद राय सिंह के नाम पर रखा जाएगा। राय सिंह, जो बीएसएफ में हवलदार के पद पर तैनात थे, 20 नवंबर 2016 को जम्मू-कश्मीर के राजौरी सेक्टर में पाकिस्तानी सैनिकों से गोलीबारी के दौरान शहीद हो गए थे। उनके साहसिक बलिदान को सम्मानित करने के लिए कॉलेज का नाम शहीद राय सिंह रखा जाएगा।
बवानी खेड़ा कॉलेज का नाम होगा “ठाकुर शम्भु सिंह”
हरियाणा के राजकीय महिला महाविद्यालय बवानी खेड़ा का नाम अब स्वतंत्रता सेनानी ठाकुर श्री शम्भु सिंह के नाम पर रखा जाएगा। शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने बताया कि इस फैसले को प्रशासनिक मंजूरी मिल गई है और अब कॉलेज के गेट और फाइलों में स्वतंत्रता सेनानी के नाम को सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा।
शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा, “यह कदम हमारे शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को सही श्रद्धांजलि देने के लिए उठाया गया है।”






