आजादी अमृत महोत्सव के तहत प्रदेश सरकार की ओर से हरियाणा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग और हरेडा के माध्यम से राज्य ऊर्जा संरक्षण पुरस्कारों की एक अनूठी योजना शुरू की गई है। इस योजना के तहत वर्ष 2021-22 के लिए विभिन्न श्रेणियों के पात्र उपभोक्ताओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 20 जून, 2022 है।
डीसी अशोक कुमार गर्ग ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य ऊर्जा संरक्षण पुरस्कारों के तहत दो लाख रुपए तक के राज्य स्तरीय पुरस्कार दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि औद्योगिक, वाणिज्यिक, राजकीय, संस्थागत, समूह आवासीय भवनों द्वारा ऊर्जा संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने तथा तकनीक व ऊर्जा दक्षता का उचित प्रयोग करने वाली संस्थाओं को राज्य ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार दिया जाता है।
इसके अलावा, इनमें इनोवेशन या नई प्रौद्योगिकियों या अनुसंधान एवं विकास परियोजनाओं में नई प्रचार परियोजनाओं को शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि ऊर्जा संरक्षण में अनुसंधान और नवाचार, ऊर्जा दक्षता, अपशिष्ट से ऊर्जा और नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र, कुशल प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन में श्रेष्ठ कार्य करने वाली संस्थाएं भी राज्य ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार के लिए आवेदन कर सकती हैं।
डीसी ने बताया कि इन पुरस्कारों में विजेता संस्था को नकद राशि, शील्ड तथा प्रमाण पत्र प्रदान कर कर सम्मानित किया जाता है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत दिशा निर्देशों संबंधी जानकारी के लिए हरेडा की वेबसाइट
https://hareda.gov.in/ पर लॉग इन किया जा सकता है।
इसके अलावा, विकास सदन स्थित नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग ने भी किसी भी कार्य दिवस के दौरान संपर्क किया जा सकता है। वहीं लघु सचिवालय स्थित एडीसी कार्यालय से जानकारी प्राप्त की जा सकती है।






