Rewari Crime News: थाना कोसली पुलिस ने गत 8 फरवरी देर सायं गांव बव्वा में अपने मामा की हत्या करने के आरोपी भांजे व उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गांव दखोरा हाल आबाद नजदीक राजेंद्र पार्क जिला गुरुग्राम निवासी रोहित व ज्योति के रूप में हुई है।
जांचकर्ता ने बताया की गांव बव्वा निवासी सुमन ने अपनी शिकायत में बताया था कि गत 8 फरवरी को शाम के समय वह अपने पति परशुराम और दो बच्चों के साथ घर पर थी। इसी दौरान परशुराम का भांजा रोहित अपनी पत्नी ज्योति व सात-आठ अन्य लोगों के साथ उनके घर पर आ गया। वह सभी घर के अंदर बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान रोहित और ज्योति ने उसके पति परशुराम के साथ पैसे के लेन-देन को लेकर झगड़ा करना शुरू कर दिया।
दोनों ने उसके पति की गर्दन पकड़कर धक्का दे दिया, जिससे उसका पति दरवाजे के बाहर पैड़ी पर सिर के बल गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसने और उसकी बहन शर्मिला ने बचाव करते हुए परशुराम को कनीना अस्पताल पहुंचाया। रोहित ने वहां से जाते समय गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी, जिसकी वीडियो उसके बेटे अक्षय ने बना ली। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसके पति को मृत घोषित कर दिया।
जिस पर पुलिस ने थाना कोसली में हत्या का मामला दर्ज करके जांच शुरू की थी। जो जांच के बाद पुलिस ने मंगलवार को मामले में संलिप्त दो आरोपी रोहित व ज्योति को गिरफ्तार कर लिया है । पुलिस ने आरोपियों को पेश अदालत करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।








