Haryana News: हरियाणा के भिवानी जिले से शिक्षा व्यवस्था को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। गांव ढाणा लाडनपुर स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 12वीं कक्षा के छात्र ने अपने हिंदी शिक्षक पर पंचनुमा हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। घटना शुक्रवार सुबह की है, जब शिक्षक ने छात्र को कक्षा में शरारत करने से रोका था।
घायल शिक्षक पीजीटी शिवकुमार ने बताया कि सुबह करीब 9:15 बजे एक छात्र ने अपने बैग से कक्षा में बैठे एक अन्य छात्र के सिर पर वार किया। जब शिक्षक ने उसे रोका और समझाया कि स्कूल पढ़ाई के लिए होता है, “एंजॉयमेंट” के लिए नहीं, तो छात्र ने उल्टा जवाब देते हुए कहा, “मैं तो स्कूल सिर्फ एंजॉयमेंट के लिए आता हूं।”
इसके बाद छात्र ने बार-बार टीचर को चुनौतीपूर्ण लहजे में जवाब देना शुरू कर दिया। माहौल बिगड़ते देख शिक्षक उसे प्रिंसिपल कार्यालय लेकर गए।
प्रिंसिपल ने छात्र को समझाया कि यदि पढ़ाई में रुचि नहीं है तो स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट (SLC) लेकर जा सकता है। छात्र ने तुरंत एक एप्लीकेशन लिखकर दे भी दी, लेकिन वहां से जाने के बजाय प्रिंसिपल ऑफिस में ही रुक गया।
उसी दौरान, जब प्रिंसिपल आवेदन पढ़ रहे थे, छात्र ने अचानक अपनी जेब से पंचनुमा हथियार निकाला और शिक्षक शिवकुमार पर हमला कर दिया। वार शिक्षक के सिर पर किया गया, जिससे गहरी चोट आई और खून बहने लगा। इसके बाद छात्र मौके से फरार हो गया।
घायल शिवकुमार को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि उनके सिर पर दो गहरी चोटें हैं। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और इलाज जारी है।
मामले की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी प्रवेश कुमार ने बताया कि पीड़ित शिक्षक के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और छात्र की गिरफ्तारी के प्रयास तेज़ कर दिए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि छात्र ने कक्षा में अनुशासन बनाए रखने की शिक्षक की कोशिश से नाराज होकर हमला किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए IPC की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है।








