Haryana News: दिल्ली और गुरुग्राम के बीच रोजाना सफर करने वाले लाखों यात्रियों के लिए केंद्र सरकार एक बड़ी सौगात की तैयारी कर रही है। सरकार एक ऐसे लिंक रोड और टनल प्रोजेक्ट पर विचार कर रही है, जिससे सफर न सिर्फ तेज होगा, बल्कि यात्रियों को भीषण ट्रैफिक से भी निजात मिल सकेगी। यह प्रस्ताव एक हाई-लेवल बैठक में रखा गया, जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने की।
इस नए लिंक रोड की शुरुआत दिल्ली के ग्यारह मूर्ति या टॉकाटोरा स्टेडियम से होगी और यह सीधे गुरुग्राम तक जाएगा। यह करीब 30 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर होगा, जिसे यात्री मात्र 25 मिनट में पूरा कर सकेंगे। इस परियोजना से NH-48 और MG रोड पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा, जिससे यात्रियों को राहत मिलेगी।
एम्स से महिपालपुर बायपास तक एलिवेटेड कॉरिडोर बनेगा, जिसे नेल्सन मंडेला मार्ग के जरिए IGI एयरपोर्ट और द्वारका एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के टर्मिनेशन पॉइंट को एम्स-महिपालपुर कॉरिडोर से जोड़ा जाएगा।
इस महत्वपूर्ण बैठक में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, NHAI और केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए थे।
बैठक में यह भी तय किया गया कि दिल्ली-गुरुग्राम की तरह एक नया कॉरिडोर तैयार किया जाएगा, जो लुटियंस ज़ोन और सेंट्रल दिल्ली में ट्रैफिक का बोझ कम करेगा। इसके तहत एम्स से नेल्सन मंडेला मार्ग तक लगभग 5 किलोमीटर लंबी एक टनल बनाई जाएगी, जो गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड से भी जुड़ी होगी।








