Haryana News: हरियाणा के जींद जिले में गुरुवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। चाबरी गांव के सरपंच रोहताश की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने रात करीब 12:30 बजे उन्हें रास्ते में घेरकर उनकी लाइसेंसी रिवॉल्वर छीन ली और उसी से सिर में गोली मार दी। सरपंच की मौके पर ही मौत हो गई।
सरपंच रोहताश गुरुवार रात बाइक पर जींद से चाबरी गांव लौट रहे थे। जब वह पिंडारा और रधाना गांव के बीच पहुंचे, तभी कुछ अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोका। बदमाशों ने उनसे धक्का-मुक्की कर रिवॉल्वर छीनी और उसी से सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही रोहताश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी फरार हो गए।
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने नाकाबंदी कर सर्च ऑपरेशन भी चलाया, लेकिन कोई आरोपी पकड़ में नहीं आया। मृतक की रिवॉल्वर घटनास्थल पर ही मिली, और मोबाइल फोन भी जेब में था।
रोहताश मूल रूप से सोनीपत के गामड़ी गांव के रहने वाले थे। पिछले 25 साल से चाबरी गांव में बस कर रहे थे और यहीं से सरपंची के लिए नामांकन किया था। 2023 के पंचायत उपचुनाव में उन्होंने 197 वोटों से जीत दर्ज की थी।








