Haryana News: हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) हिसार की टीम ने सिविल लाइन थाने के एएसआई (ASI) को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी एएसआई पर केस से गंभीर धाराएं हटवाने के बदले 15 हजार रुपये की रिश्वत लेने का आरोप है।
जानकारी के मुताबिक, वर्ष 2023 में शिकायतकर्ता पर सिविल लाइन थाने में एक केस दर्ज किया गया था, जिसमें उस पर 1.30 लाख रुपये हड़पने का आरोप था। बाद में पीड़ित पक्ष से उसका आपसी समझौता हो गया और लगभग 1 लाख रुपये लौटा दिए गए।
जब शिकायतकर्ता केस में आगे की कार्यवाही के लिए सिविल लाइन थाने के एएसआई से मिला, तो अधिकारी ने मामला रफा-दफा करने या धाराएं कम करने के बदले 1 लाख रुपये की मांग की। बाद में बातचीत 60 हजार पर पहुंची और अंततः 15 हजार रुपये में डील तय हो गई।
शिकायतकर्ता ने इस पूरे मामले की सूचना ACB हिसार को दी। एसीबी की टीम ने योजना बनाकर एएसआई को रंगे हाथ रिश्वत लेते पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद आरोपी पुलिस अधिकारी से पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।








