Haryana Wine Shop: हरियाणा में शराब के ठेकों की नीलामी में इस बार जमकर पैसों की बरसात हुई है। साइबर सिटी गुरुग्राम शहर के पॉश इलाके गोल्फ कोर्स रोड पर स्थित ब्रिस्टल चौक का ठेगा लगभग 100 करोड़ रुपये में बिका है। हरियाणा के इतिहास में ये सबसे महंगी नीलामी है। ब्रिस्टल चौक के ठेके के लिए 98.5 करोड़ की बोली लगी है। पिछले वित्तीय वर्ष में इस ठेके की बोली 48 करोड़ रुपये लगी थी।
इस वजह से टूटे रिकॉर्ड
गुरुग्राम के डीसी अजय कुमार ने बताया कि नीलामी की प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है। इससे सरकार को अच्छा मुनाफा हो रहा है। पूर्वी गुरुग्राम में हुई शराब के ठेकों की नीलामी से सरकार को कुल 1270.40 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। ये उम्मीद से ज्यादा है। इस बार सरकार ने शराब के ठेकों की नीलामी 21 माह की अवधि के लिए की है।
ठेका अत्यंत लाभकारी
ब्रिस्टल चौक का ठेका गुरुग्राम के पॉश डीएलएफ क्षेत्र और दिल्ली बॉर्डर के पास स्थित है। यही कारण है कि इस ठेके की बोली इतनी ज्यादा लगी है। इलाके में शराब की खपत, ग्राहकों की संख्या और व्यापारिक दृष्टिकोण से यह ठेका ज्यादा लाभकारी माना जा रहा है। अब देखना दिलचस्प होगा कि अन्य जोन में होने वाली नीलामी में यह रिकॉर्ड टूटता है या नहीं।








