Kaithal New Car Accident: हरियाणा के कैथल में सोमवार की रात भीषण सड़क हादसा हुआ है। यहां एक तेज रफ्तार कार हवा में उछलकर ईंटों के ढेर पर जाकर पलट गई। इस हादसे में 18 साल के लड़के की मौके पर ही मौत हो गई है। जबिक, उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसके चलते उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान सीवन गांव निवासी अनमोल सिंह के रूप में हुई है। वह इंग्लैंड में रहता था। बताया जा रहा है कि अनमोल अपने बाजू का ऑपरेशन कराने के लिए भारत आया हुआ था और उसके दोस्त ने 1 मार्च को ही नई स्विफ्ट कार खरीदी थी। सोमवार रात को अनमोल और उसका दोस्त साथ थे। कार अनमोल ही चला रहा था। दोस्त ने सीट बेल्ट लगाई हुई थी, जबकि अनमोल बिना सीट बेल्ट के ही कार ड्राइव कर रहा था।
बताया जा रहा है कि रात करीब 11 बजे जब उनकी कार पोलड़ गांव के पास पहुंची तो सड़क में बने गड्ढे की वजह से कार अनियंत्रित हो गई। कार हवा में उछलकर सड़क किनारे रखी ईंटों के ढेर पर पलट गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे तो देखा कि कार ईंटों के ढेर पर उलटी हो गई। इसके बाद लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों को कार से बाहर निकालकर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। जहां अनमोल को मृत घोषित कर दिया गया है। वहीं कैथल के डोहर गांव निवासी अमोल का दोस्त बुरी तरह घायल हो गया है। जिसके चलते उसे अस्पताल मे भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि अनमोल अपने माता-पिता के साथ इंग्लैंड में रहता था और वह वहां का परमानेंट रेजिडेंट (PR) था। इंग्लैंड में अनमोल की बाजू टूट गई थी। जिसका इलाज कराने के लिए वह भारत आया था।






