Rewari News: हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि जांगिड़ ब्राह्मण समाज ने अपने परिश्रम, कौशल, सामाजिक चेतना और सेवा भाव के बल पर समाज के उत्थान में उल्लेखनीय योगदान दिया है। यह समाज अपनी समृद्ध परंपराओं, उत्कृष्ट कारीगरी और सामाजिक एकता के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री रेवाड़ी स्थित जांगिड़ धर्मशाला में आयोजित जांगिड़ ब्राह्मण समाज समिति के वार्षिकोत्सव समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रही थीं। इस अवसर पर उन्होंने समिति के विकास कार्यों के लिए 11 लाख रुपये की अनुदान राशि देने की घोषणा की। समारोह में पहुंचने पर समाज के पदाधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने स्वास्थ्य मंत्री का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।
आरती सिंह राव ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के समान विकास और सामाजिक संस्थाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सामाजिक संगठन शिक्षा, संस्कार, सामाजिक समरसता और जनकल्याण की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सरकार ऐसे संगठनों को हरसंभव सहयोग प्रदान कर रही है।
उन्होंने समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले व्यक्तियों तथा समाजसेवियों को सम्मानित करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही युवाओं का आह्वान किया कि वे शिक्षा, संस्कार, अनुशासन और सामाजिक सेवा को अपने जीवन का मूल मंत्र बनाकर राष्ट्र एवं समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
स्वास्थ्य मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि जांगिड़ ब्राह्मण समाज भविष्य में भी अपनी सामाजिक परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए समाज और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता रहेगा।








