मिली जानकारी के अनुसार, मूलरूप से उत्तर प्रदेश के जिला मथुरा के गांव छड़गांव निवासी चन्द्रपाल धारूहेड़ा के महेश्वरी स्थित विकास नगर कॉलोनी में रहता है तथा साथ लगते राजस्थान के भिवाड़ी कस्बा में एक कंपनी में नौकरी करता है. गुरुवार की सुबह जब वह ड्यूटी पर जा रहा था तो गली में सुधांशु नाम का शख्स उससे टकरा गया.जिसके बाद वह उससे गाली-गलौज करने लगा. चन्द्रपाल ने मामला शांत करने के लिए उसके सामने हाथ जोड़कर ड्यूटी के लिए आगे निकल गया.
उस दिन तो मामला शांत हो गया लेकिन शुक्रवार को जब चन्द्रपाल ड्यूटी से वापस लौटा तो आरोपी सुधांशु, उसके पिता राजकुमार, मां आशा व उनका रिश्तेदार पवन घर में घुस आए. सभी ने लाठी-डंडे और हैंडपंप की हत्थी अपने हाथों में ले रखी थी.
घर में घुसते ही आरोपियों ने चन्द्रपाल पर हत्थी से सिर पर चोट मारी. बीच बचाव में आई पत्नी राखी को भी बेरहमी से पीटा और पुरे घर में तोड़फोड़ कर दी.आरोपियों ने उनको धमकी देते हुए कहा कि आगे से कॉलोनी में दिखे तो और भी बुरा हाल होगा. घायल दंपति को आसपास के लोगों ने अस्पताल पहुंचाया. सूचना के बाद मौके पर पहुंची सेक्टर-6 थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है.






