रेवाड़ी की शांति लोक सोसाइटी निवासी राहुल बतरा ने सर छोटू राम चौक के निकट रेवाड़ी रोड पर सेनेटरी व टाइल की दुकान की हुई है। 24 मई की दोपहर बाद मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक दुकान में पहुंचे थे। युवकों ने राहुल बतरा को 50 करोड़ देने की धमकी दी थी। विरोध करने पर बदमाशों ने राहुल बतरा पर गोली चला दी थी। गोली से वह बाल-बाल बच गए थे और दुकान में लगा शीशा टूट गया था।
बावल थाना पुलिस ने राहुल बतरा की शिकायत पर हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट व रंगदारी मांगने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए बावल डीएसपी राजेश लोहान व बावल थाना एसएचओ विद्यासागर के नेतृत्व में टीम गठित कर निर्देश दिए थे। पुलिस ने कुछ घंटो में ही धमकी देने वाले गिरोह गांव खेड़ा मुरार निवासी अनिल उर्फ मुन्ना वाला, संदीप, सोनू, गांव गुर्जर माजरी निवासी सुमित और गांव बनीपुर निवासी रविन्द्र उर्फ गोलू को गिरफ्तार कर लिया था।

शुक्रवार को बावल के लोगों ने कटला बाजार में बैठक कर पुलिस द्वारा बदमाशों को शीघ्रता से गिरफ्तार करने की सराहना की और बावल डीएसपी राजेश कुमार लोहान व बावल थाना एसएचओ विद्यासागर को सम्मानित किया। व्यापारियों ने कहा कि कस्बा में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का पूरा सहयोग करेंगे।






