Surajkund Mela Accident: 7 फरवरी को सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले में हुए झूला हादसे के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रशासन ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार मेले के दौरान झूला अचानक टूट जाने से अफरा-तफरी मच गई, जिसमें हादसे में पलवल जिले के चांदहट थाने के SHO जगदीश प्रसाद की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
सुप्रीम अस्पताल में भर्ती 8 घायलों में से 4 मरीजों को उपचार के बाद डिस्चार्ज किया जा चुका है, जबकि शेष 4 का इलाज जारी है और डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है। इसके अतिरिक्त बीके सिविल अस्पताल में भर्ती 4 घायलों को भी उपचार उपरांत छुट्टी दे दी गई है।
https://x.com/i/status/2020429342036414887
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में झूला संचालकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। जांच के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मेले में सुरक्षा मानकों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


