Haryana BPL Card: हरियाणा में राशन कार्ड धारकों को लेकर एक बड़ा फैसला सामने आया है। राज्य सरकार द्वारा जुलाई महीने में 1,17,361 राशन कार्ड रद्द किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इनमें 2,727 अंत्योदय अन्न योजना (AAY) और 1,14,634 गरीबी रेखा से नीचे (BPL) श्रेणी के कार्ड शामिल हैं। ये सभी वो लोग हैं जिन्होंने परिवार पहचान पत्र (PPP) में जानबूझकर अपनी आय कम दर्शाई और गलत तरीके से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया।
राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही क्रीड (CREED) नामक डेटा एनालिसिस प्रणाली के ज़रिए इस गड़बड़ी का खुलासा हुआ है। जांच में यह पाया गया कि अनेक लोग आर्थिक रूप से सक्षम होने के बावजूद खुद को गरीब बताकर राशन कार्ड बनवाने में सफल रहे।
हालांकि, इस कार्रवाई के चलते कई वास्तव में गरीब और पात्र परिवारों के राशन कार्ड भी रद्द हो रहे हैं। विभागीय कार्यालयों में रोजाना शिकायतें आ रही हैं कि PPP डाटा में गड़बड़ी के चलते दिहाड़ी मजदूरी करने वाले लोगों के नाम पर कार, कोठी और पाश इलाके की जानकारी दर्ज हो गई है, जिससे वे अपात्र माने जा रहे हैं।








