SIR 2026: डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक मीणा ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान के तहत गणना प्रपत्र जमा कराने के लिए केवल तीन दिन शेष रह गए हैं। इसकी अंतिम तिथि 24 जुलाई है। जिन मतदाताओं ने अपना गणना प्रपत्र संबंधित बीएलओ को जमा नहीं करवाया है वे समय रहते अपना गणना प्रपत्र जमा करवाएं। डीसी ने बीएलओ को भी निर्देश दिए कि कोई भी पात्र मतदाता नहीं छुटे जिनका गणना प्रपत्र जमा नहीं हुआ हो। इसके साथ-साथ 24 जुलाई से पहले गणना प्रपत्र संबंधित कार्य अवश्य पूरा कर लें।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी अभिषेक मीणा ने मंगलवार को लघु सचिवालय सभागार में भारत निर्वाचन आयोग की ओर से हरियाणा प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 (एसआईआर) अभियान के तहत जिला में किए जा रहे कार्य को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक से पहले हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी डीसी और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि ऑनलाइन माध्यम से गणना प्रपत्र जमा कराने वाले मतदाताओं का भौतिक सत्यापन भी निर्धारित समय सीमा से पहले कर लिया जाए। इसके साथ सभी पात्र मतदाताओं के गणना प्रपत्र डिजिटलाइज्ड करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने ने बताया कि मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन 31 जुलाई 2026 को होगा। इसके बाद 31 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी।
दावों और आपत्तियों का निस्तारण 31 जुलाई से 28 सितंबर 2026 तक किया जाएगा तथा शनिवार 3 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने आह्वान किया कि जिन मतदाताओं को नाम जोड़ना, हटाना या किसी प्रकार का संशोधन कराना है, वे निर्धारित अवधि में अपना दावा/आपत्ति अवश्य दर्ज करें।








