Rewari Update: आगामी मानसून सीजन के दृष्टिगत जिला प्रशासन जलभराव की संभावित समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए नालों की सफाई कार्य को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित कर रहा है। इसी कड़ी में सेक्टर 4 रेवाड़ी के नोडल अधिकारी एवं एडीसी राहुल मोदी ने मंगलवार को रेवाड़ी के सेक्टर-4 क्षेत्र का दौरा कर नालों व सीवरेज लाइन की सफाई कार्य का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एडीसी राहुल मोदी ने सफाई कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी बड़े एवं छोटे नालों की सफाई निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण की जाए। उन्होंने कहा कि मानसून से पूर्व नालों व सीवर लाइनों से गाद, कचरा एवं अन्य अवरोध पूरी तरह हटाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि वर्षा के दौरान जल निकासी सुचारू बनी रहे और कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को नियमित रूप से सफाई कार्य की निगरानी करने, गुणवत्ता बनाए रखने तथा आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त संसाधनों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
एडीसी ने कहा कि नागरिकों की सुविधा एवं सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और मानसून के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक प्रबंध समय रहते किए जा रहे हैं। उन्होंने आमजन से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि नालों एवं सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा-कचरा, प्लास्टिक अथवा अन्य अपशिष्ट सामग्री न डालें। उन्होंने कहा कि प्रशासन एवं आमजन के संयुक्त प्रयासों से स्वच्छ, सुरक्षित एवं जलभराव मुक्त वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।






