Rewari Police Drug Disposal: नशा मुक्त रेवाड़ी अभियान के तहत जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 47 अलग-अलग मामलों में जब्त 40.76 किलोग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थों का नियमानुसार निष्पादन किया। यह कार्रवाई साउथ रेंज के आईजी ओम प्रकाश नरवाल (IPS) की अध्यक्षता में गुरुग्राम स्थित अधिकृत प्लांट में संपन्न हुई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा (IPS) और डीएसपी कोसली विद्यानंद सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
पुलिस के अनुसार यह निष्पादन कार्य 9 जुलाई 2026 को गुरुग्राम के सेक्टर-37 स्थित बायोटेक वेस्ट लिमिटेड के बॉयलर में किया गया। यह कार्रवाई हरियाणा पुलिस महानिदेशक से अनुमति मिलने के बाद निर्धारित नियमों के तहत की गई।
40.76 किलो मादक पदार्थों का हुआ निष्पादन

जिला पुलिस द्वारा नष्ट किए गए मादक पदार्थों में कुल 40.76 किलोग्राम प्रतिबंधित सामग्री शामिल थी। इनमें:
- 30.874 किलोग्राम गांजा
- 5.230 किलोग्राम सुल्फा/चरस
- 288 ग्राम स्मैक
- 1.220 किलोग्राम अफीम
- 1,480 प्रतिबंधित कैप्सूल
- 3,163 प्रतिबंधित टैबलेट
- 550 प्रतिबंधित इंजेक्शन
पुलिस ने बताया कि 1.220 किलोग्राम अफीम से संबंधित एक मामले की सामग्री नियमानुसार मध्य प्रदेश के नीमच स्थित अधिकृत दवा कंपनी में जमा कराई जाएगी।
आईजी ने खुद कराई वजन की जांच
निष्पादन से पहले आईजी ओम प्रकाश नरवाल ने अपनी मौजूदगी में सभी जब्त मादक पदार्थों का इलेक्ट्रॉनिक कांटे से वजन कराया। वजन सही पाए जाने के बाद उनकी निगरानी में पूरे मादक पदार्थों का निष्पादन कराया गया।
नशा तस्करों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
आईजी ओम प्रकाश नरवाल ने पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा के नेतृत्व में रेवाड़ी पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ की जा रही लगातार कार्रवाई और भारी मात्रा में मादक पदार्थों की बरामदगी की सराहना की। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने और नशा तस्करों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस का अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।
इस दौरान रीडर आईजीपी एएसआई रवि दत्त, एसआई अनिल कुमार, मालखाना मोहर्र एसआई काशीराम, लाइन ऑफिसर एसआई विजय कुमार, एसआई सुनील कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।







