Rewari News: रेवाड़ी पुलिस की तत्परता और ईमानदार कार्रवाई से एक किसान परिवार की खुशियां वापस लौट आईं। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने मंडी से फसल बेचकर लौट रहे किसान के रास्ते में गिरे 1.5 लाख रुपये बरामद कर उन्हें सुरक्षित वापस सौंप दिए।
जानकारी के अनुसार, गांव आसरा का माजरा निवासी किसान का भाई अजय 13 जून को सरसों की फसल बेचकर ट्रैक्टर से घर लौट रहा था। फसल बेचने के बाद मिले 1 लाख 50 हजार रुपये उसने 500-500 रुपये के नोटों की तीन गड्डियों के रूप में ट्रैक्टर की छतरी की जेब में रख दिए थे। रास्ते में जाटूवास के पास चलते समय जेब से तीनों गड्डियां सड़क पर गिर गईं।
कुछ दूरी तय करने के बाद जब पैसे गायब होने का पता चला तो किसान वापस मौके पर पहुंचा। काफी तलाश के बाद वहां केवल पैसों का थैला मिला, लेकिन नकदी नहीं मिली। इसके बाद किसान ने मॉडल टाउन थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही थाना प्रभारी रत्न लाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें एक राहगीर सड़क पर पड़े रुपये उठाते हुए दिखाई दिया। पुलिस ने उसकी पहचान कर संपर्क किया।
पूछताछ के दौरान राहगीर ने बताया कि उसे सड़क पर रुपये पड़े मिले थे। वह उन्हें अपने घर ले गया था ताकि बाद में जानकारी मिलने पर वापस कर सके। पुलिस ने उसके घर से पूरे 1.5 लाख रुपये बरामद कर किसान को बुलाया और सभी रुपये उसके सुपुर्द कर दिए।
अपने खोए हुए पैसे वापस मिलने पर किसान और उसके परिवार ने रेवाड़ी पुलिस का आभार व्यक्त किया। किसान ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि इतने बड़े अमाउंट के रुपये वापस मिल जाएंगे, लेकिन पुलिस की मेहनत और ईमानदारी से यह संभव हो सका।
उन्होंने कहा कि यदि पुलिस पूरी लगन और ईमानदारी से काम करे तो कोई भी कार्य असंभव नहीं है। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने उनके खोए हुए रुपये ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार की खुशियां भी वापस लौटा दीं।






