Rewari News: पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी हेमेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन एंव नेतृत्व में जिला पुलिस द्वारा अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना बावल पुलिस को एक बड़ी सफलता हासिल हुई है।
पुलिस टीम ने गश्त के दौरान मुस्तैदी दिखाते हुए ट्यूबवेलों से बिजली केबल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। मामले में दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई बिजली की केबल, चोरी में इस्तेमाल उपकरण व एक बिना नंबर प्लेट की चोरी की बाइक बरामद की हैं।
कार्रवाई का विवरण:

जांचकर्ता एएसआई चंद्रवीर ने बताया कि गत 23 जुलाई की रात को पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान बावल से झाबुआ रोड की ओर एक बिना नंबर प्लेट की बाइक पर चार युवक जाते हुए दिखाई दिए।
संदिग्ध अवस्था में दिखने पर पुलिस टीम ने बाइक का पीछा करना शुरू किया। पुलिस को पीछे आते देख बाइक चालक ने पकड़े जाने के डर से बाइक को तेज गति से भगा दिया। भागने के प्रयास में नंगली परसापुर रोड पर एक मोड़ के पास अनियंत्रित होकर बाइक स्लिप होकर गिर गई।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर ही बाइक सवार दो युवकों को काबू कर लिया, जबकि उनके दो अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर चकमा देकर भागने में कामयाब रहे। काबू किए गए आरोपियों की पहचान राजस्थान के जिला खैरथल-तिजारा के गांव घीकाका निवासी कोशिंद्र व सन्नी शर्मा के रूप में हुई है।
बरामदगी एवं पूछताछ:
पकड़े गए आरोपियों के पास मौजूद बैग की तलाशी लेने पर पुलिस को 48 मीटर चोरी की बिजली की (कॉपर) केबल और तार काटने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण व वारदात में प्रयोग की गई बिना नंबर प्लेट की चोरी की बाइक बरामद हुए हैं।
कड़ाई से की गई शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे बावल और आसपास के ग्रामीण इलाकों में खेतों में बने ट्यूबवेलों से केबल चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। वारदात की रात भी वे चोरी की गई केबल को बेचने के लिए ले जा रहे थे।
कानूनी कार्रवाई एवं आगामी जांच:
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना बावल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें विधिवत रूप से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ करेगी, जिससे इनके द्वारा की गई अन्य चोरी की वारदातों का खुलासा होने तथा फरार चल रहे इनके दो अन्य साथियों की भी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
क्षेत्र में चोरी व आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है और उन्हें भी जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
