Rewari Nagar Parishad Election Result 2026: रेवाड़ी नगर परिषद और धारूहेड़ा नगर पालिका चुनाव की मतगणना बुधवार को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हुई। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी अभिषेक मीणा ने चुनाव प्रक्रिया में सहयोग देने वाले मतदाताओं, अधिकारियों, कर्मचारियों और सुरक्षा बलों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई और प्रशासन ने पूरी निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ चुनाव प्रक्रिया को संपन्न करवाया।
रेवाड़ी नगर परिषद चुनाव में चेयरमैन पद पर भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी विनीता पीपल ने शानदार जीत दर्ज की। विनीता पीपल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार निहारिका को 21 हजार 455 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया। चुनाव परिणामों के अनुसार विनीता पीपल को कुल 44 हजार 521 वोट प्राप्त हुए, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी निहारिका को 23 हजार 66 मत मिले। इसके साथ ही नगर परिषद रेवाड़ी के सभी 32 वार्डों के पार्षद पदों के परिणाम भी घोषित कर दिए गए हैं।
नगर परिषद रेवाड़ी के रिटर्निंग अधिकारी एवं एडीसी ने विजेता प्रत्याशियों को निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किए। इस दौरान अधिकारियों ने सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूती प्रदान करने तथा जनहित में कार्य करने की अपील की। उन्होंने बताया कि मतगणना प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मतगणना केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, पुलिस बल की तैनाती तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं ताकि प्रक्रिया निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
इस अवसर पर नगर परिषद रेवाड़ी के सामान्य पर्यवेक्षक जगनिवास ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता शांतिपूर्ण एवं विश्वसनीय चुनाव कराना रही, जिसमें सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभाई।








