Rewari: जिले में कार्यरत कामकाजी महिलाओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेवाड़ी शहर के सेक्टर-16 में महिला हॉस्टल का निर्माण किया जाएगा। इस हॉस्टल में लगभग 150 महिलाओं के रहने की व्यवस्था होगी। प्रस्तावित निर्माण स्थल का शुक्रवार को महिला विकास निगम की प्रबंध निदेशक मोनिका मलिक ने निरीक्षण किया। इस अवसर पर उपायुक्त अभिषेक मीणा ने हॉस्टल निर्माण से संबंधित प्रशासनिक प्रक्रिया की जानकारी साझा की।
प्रबंध निदेशक मोनिका मलिक ने बताया कि सरकार द्वारा संचालित सखी निवास योजना के तहत यह हॉस्टल उन कामकाजी महिलाओं के लिए बनाया जा रहा है, जो अविवाहित, विधवा, तलाकशुदा हों या किसी कारणवश परिवार से अलग रहकर कार्य कर रही हों। इसके अलावा वे विवाहित महिलाएं, जिनके पति या परिजन उसी शहर में निवास नहीं करते, भी इस सुविधा के लिए पात्र होंगी।
योजना के अंतर्गत समाज के वंचित वर्गों की महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी, वहीं दिव्यांग महिलाओं के लिए भी आरक्षित सीटों का विशेष प्रावधान रहेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हॉस्टल का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि अधिक से अधिक कामकाजी महिलाओं को इसका लाभ मिल सके।
उपायुक्त अभिषेक मीणा ने बताया कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) द्वारा सेक्टर-16 में लगभग एक एकड़ भूमि पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त महिला हॉस्टल का निर्माण कराया जाएगा। हॉस्टल निर्माण से जुड़ी अधिकांश औपचारिकताएं पूरी की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि इस हॉस्टल में महिलाओं के सुरक्षित और सुविधाजनक आवास की व्यवस्था होगी तथा इसका संचालन महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा किया जाएगा।


