Rewari Cyber Fraud: साइबर थाना रेवाड़ी पुलिस ने कंपनी में इन्वेस्टमेंट के नाम पर लाखो रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान तमिलनाडु के जिला पुदुक्कोट्टई के गांव चेलेनेथल कीलामजाक्कुडी, मनामेलकुडी तालुक निवासी मणिकंदप्रभु व जिला पेरम्बालूर के गांव सामियाप्पा नगर निवासी सतीश के रूप में हुई है। पुलिस इस मामले में पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
जांचकर्ता ने बताया की गत वर्ष 3 जुलाई को सेक्टर-3 रेवाड़ी निवासी विजय कुमार गुप्ता ने अपनी शिकायत में बताया था कि वह एक प्राइवेट कंपनी में जॉब करता है। सोशल मीडिया पर पैसा इन्वेस्टमेंट करने का विज्ञापन देखने के बाद 15 मई 2025 को उसे एक व्हाट्सएप नंबर मिला था। जिसके बाद उसका व्हाट्स पर एक महिला से संवाद होना शुरू हो गया। महिला ने अपना नाम मिस सरोज गुप्ता बताते हुए खुद को एसबीआई सिक्योरिटी लि. की इन्वेस्टमेंट एडवाइजर बताया था। इन्वेस्टमेंट के लाभ के बारे में जानकारी देने के बाद महिला ने उसके पास एक लिंक भेजा था।
उसे बल्क ट्रेडिंग और लॉगिन करने के बारे में बताया गया था। पहली बार पैसा इन्वेस्ट करने पर उसके खाते में अच्छा प्रॉफिट भी दर्शाया गया। इसके बाद उसने अपनी पत्नी सरोज गुप्ता के बैंक खाते से 18 ट्रांजेक्शन के जरिए विभिन्न खाता नंबरों पर कुल 93 लाख 20 हजार 870/- रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में जब उसने पैसा रिफंड कराने का प्रयास किया, तो उससे और पैसा जमा कराने के लिए कहा गया।
इसके बाद उसे ठगी का पता चला। जिस पर पुलिस ने साइबर थाना रेवाड़ी में ठगी का मामला दर्ज करके मामले में संलिप्त पांच आरोपी महाराष्ट्र के अकोला के सिद्धार्थ नगर हाल आबाद पवन पार्क सोसाइटी न्यू तापडिया नगर महाराष्ट्र अकोला निवासी सतीश प्रकाश इंगले, उत्तराखंड के जिला नैनीताल के कांठगोदाम हाल आबाद उत्तराखंड के ट्रांजिट कैंप वार्ड नं 2 निवासी नीरज सिंह, बिहार के जिला गोपालगंज के गांव कोटवा खास हाल आबाद यूपी के जिला लखनऊ के राजीव नगर निवासी ओमप्रकाश प्रसाद, महाराष्ट्र के अकोला के ए विंग संकेत विहार अपार्टमेन्ट निवासी ओमप्रकाश अरुण मगर उर्फ ओम पाटिल व एमपी के जिला भोपाल के अराधना नगर कोटरा सुल्तानाबाद शारदा हॉस्पिटल हाल आबाद गंगा अपार्टमेन्ट गंगानगर एमपी निवासी कुलदीप कैथल को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।
जो इस मामले में पुलिस ने सोमवार को मामले में संलिप्त दो और आरोपी तमिलनाडु के जिला पुदुक्कोट्टई के गांव चेलेनेथल कीलामजाक्कुडी, मनामेलकुडी तालुक निवासी मणिकंदप्रभु व जिला पेरम्बालूर के गांव सामियाप्पा नगर निवासी सतीश को भी गिरफ्तार कर लिया हैं। आरोपी मणिकंदप्रभु के बैंक खाते में ठगी के 7 लाख 30 रुपये ट्रांसफर हुए थे, जबकि सतीश ने साइबर ठगों को खाता मुहैया कराने में मध्यस्थ की भूमिका निभाई थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को पेश अदालत करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस द्वारा इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द की जाएगी।








