हरियाणा में निकाय चुनाव से पहले बीजेपी का कुनबा बढ़ गया है। हिसार से कांग्रेस रामनिवास राड़ा भाजपा में शामिल हो गए हैं। वह निर्दलीय मेयर उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल कर चुके हैं। लेकिन, अब वह बीजेपी में शामिल हो गए हैं। सीएम नायब सिंह सैनी की अगुवाई में उन्होंने बीजेपी ज्वाइन की।
जानकारी के मुताबिक, हिसार के नगर निगम के पूर्व चेयरमैन बिहारीलाल राडा, यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रोहित और हिसार लोकसभा युवा कांग्रेस के पूर्व प्रधान भूपेंद्र सनेत दर्जन भर नेताओं ने भी भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सभी को पटका पहनाकर पार्टी में शामिल किया।
बता दें कि हरियाणा में पहले चरण के निकाय चुनाव के तहत चल रही नामांकन प्रक्रिया सोमवार को खत्म हो गई है। 10 नगर निगमों में मेयर के साथ ही नगर परिषद और पालिकाओं के प्रधान और पार्षद पद के लिए 3 हजार से ज्यादा प्रत्याशियों ने नामांकन कराया है।
पहले चरण में 7 नगर निगमों जिनमें फरीदाबाद, गुरुग्राम, मानेसर, हिसार, करनाल, रोहतक और यमुनानगर, चार नगर परिषदों अंबाला सदर, पटौदी जटोली मंडी, थानेसर और सिरसा शामिल है और 21 नगर पालिकाओं बराड़ा, बवानी खेड़ा, लोहारू, सिवानी, जाखल मंडी, फरूखनगर, नारनौंद, बेरी, जुलाना, कलायत, सीवन, पूंडरी, इंद्री, नीलोखेड़ी, अटेली मंडी, कनीना, तावडू, हथीन, कलानौर, खरखौदा और रादौर में दो मार्च को मतदान होना है।