Haryana News: पंजाब के लुधियाना में शनिवार को एक राजनीतिक कार्यक्रम के दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी को कड़े विरोध का सामना करना पड़ा। पानी के बंटवारे को लेकर पहले से ही तनावपूर्ण चल रहे पंजाब-हरियाणा संबंधों की झलक इस विरोध प्रदर्शन में साफ दिखी। प्रदर्शनकारियों ने काले झंडे दिखाते हुए ‘पंजाब के पानी चोर’ मुर्दाबाद के नारे लगाए।
लुधियाना के वेस्ट हलके में 19 जून को होने वाले उपचुनाव के प्रचार अभियान के तहत भाजपा उम्मीदवार जीवन गुप्ता के समर्थन में नायब सैनी पहुंचे थे। लेकिन जैसे ही उनका काफिला बाड़ेवाल रोड से गुजरा, करीब 25-30 प्रदर्शनकारियों ने उन्हें घेर लिया और काले झंडे दिखाकर विरोध जताया।
विरोध की मूल वजह सतलुज-यमुना लिंक (SYL) नहर विवाद और हरियाणा को पानी देने के मुद्दे से जुड़ी है, जिसे पंजाब में एक भावनात्मक और राजनीतिक मुद्दा माना जाता है।
CM सैनी के साथ कड़ी सुरक्षा व्यवस्था थी। उनके काफिले में पायलट गाड़ी शामिल थी, जिससे स्थिति को संभालने में मदद मिली। हालांकि प्रदर्शनकारी अचानक आए और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पुलिस ने स्थिति को तुरंत नियंत्रित कर लिया।








