Hydrogen Train: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के कार्यक्रम का रेवाड़ी के जिमखाना क्लब में लाइव प्रसारण किया गया। इस अवसर पर रेजांगला पार्क से जिमखाना क्लब तक इलेक्ट्रिक वाहनों की ई-रैली निकाली गई, जिसे रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
ई-रैली में इलेक्ट्रिक बस, ई-रिक्शा और ई-कार समेत कई ईवी (Electric Vehicles) शामिल हुए। रैली रेजांगला पार्क से पायलट चौक होते हुए जिमखाना क्लब पहुंची। कार्यक्रम में बावल विधायक डॉ. कृष्ण कुमार, कोसली विधायक अनिल यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली, पूर्व मंत्री डॉ. बनवारी लाल सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
जिमखाना क्लब में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डीसी अभिषेक मीणा, एसपी हेमेंद्र मीणा, एडीसी राहुल मोदी और जिला राजस्व अधिकारी प्रदीप देसवाल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद बड़ी एलईडी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जींद कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया।

स्वच्छ रेवाड़ी और ग्रीन एनर्जी का संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा को स्वच्छता और ग्रीन एनर्जी की दिशा में आगे बढ़ाने का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा से शुरू हुई कई योजनाएं, जैसे बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, सुकन्या समृद्धि योजना और बीमा सखी, पूरे देश में सफल रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि “स्वच्छ रेवाड़ी-स्वस्थ रेवाड़ी” का लक्ष्य भी जल्द साकार होगा।
उन्होंने बताया कि जिले में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगभग 100 करोड़ रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया है। साथ ही अमृत भारत योजना के तहत रेलवे स्टेशनों का भी आधुनिकीकरण किया जा रहा है।
हाइड्रोजन ट्रेन से हरित ऊर्जा को मिलेगा बढ़ावा
बावल विधायक डॉ. कृष्ण कुमार ने कहा कि देश में हाइड्रोजन ट्रेन की शुरुआत रेलवे के लिए नए युग का संकेत है। उन्होंने कहा कि यह ट्रेन जीरो कार्बन उत्सर्जन के साथ चलेगी और पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में ऐसी ट्रेनें रेवाड़ी में भी संचालित होंगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह द्वारा दक्षिण हरियाणा में कराए जा रहे विकास कार्यों की भी सराहना की।
हरियाणा के लिए गौरव का विषय
कोसली विधायक अनिल यादव ने कहा कि देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का जींद से संचालन हरियाणा के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में हरियाणा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साथ ही मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के नेतृत्व में प्रदेश में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं।
भारत हरित ऊर्जा में बनेगा आत्मनिर्भर
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली ने कहा कि कभी पानी से रेल चलना एक सपना लगता था, लेकिन भारतीय वैज्ञानिकों और इंजीनियरों ने इसे साकार कर दिखाया है। उन्होंने कहा कि हाइड्रोजन ट्रेन भारत को हरित ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है और इससे पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में स्टेट पीपीपी कोऑर्डिनेटर सतीश खोला, भाजपा नेता वीर कुमार यादव, नगर परिषद चेयरमैन विनीता पीपल, धारूहेड़ा नगर पालिका चेयरमैन अजय जांगड़ा, पं. हिमांशु पालीवाल, कुलदीप चौहान, हुकमचंद यादव, कृष्ण इंजीनियर, रत्नेश बंसल, रामपाल यादव, सिंहराम महलावत, डिप्टी सीईओ अंकित, तहसीलदार रमन कुंडू, डीआईओ सचिन सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।







