हरियाणा कांटेक्ट बेस और कौशल रोजगार निगम के तहत काम करने वाले कर्मचारियों को बीते अप्रैल और मई महीने का वेतन मही मिला है. लेकिन अब मुख्य सचिव संजीव कौशल ने विभागों के अधिकारियों को कहा कि निगम द्वारा प्रेषित कर्मियों का डाटा जल्द से जल्द इस पोर्टल पर अपलोड किया जाए जिससे कर्मियों के वेतन इनवॉइस तैयार हो सके.
कर्मचारियों की बायोमेट्रिक हाजिरी सुनिश्चित
इसके अलावा उन्होंने कर्मचारियों की बायोमेट्रिक हाजिरी भी सुनिश्चित करने के आदेश दिए. उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की तारीफ करते हुए बताया कि इस विभाग में कार्य कर रहे 8778 कर्मियों में से 8080 का डाटा पोर्टल पर डाला गया है और शेष का डाटा आज ही अपलोड कर दिया जाएगा. इसी तरह से सिंचाई विभाग के 1943 कर्मियों तथा स्वास्थ्य शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के 1558 कर्मचारियों का डाटा भी डाला जा चुका है.
बैठक में बताया गया कि कौशल रोजगार निगम के तहत विभिन्न विभागों में कार्य कर रहे 42243 कर्मचारियों का रजिस्ट्रेशन किया जा चुका है तथा कर्मियों की बायोमेट्रिक हाजिरी लगवाए जाने की भी कोशिशें चल रही है.
कर्मियों के दस्तावेजों को पोर्टल पर करें अपलोड
संजीव कौशल के अनुसार जिन कर्मियों के जॉब रोल नियम के दायरे में नहीं है या उनका डाटा पोर्टल पर अपलोड नहीं है तो उनका वेतन भी पुराने तरीके से बनाया जाए और 13 जून तक अवश्य दे दिया जाए. मुख्य सचिव ने कहा कि जिन कर्मियों के वेतन को सुरक्षित किया जाना है उनके दस्तावेजों को भी पोर्टल पर अपलोड किया जाए ताकि वेतन बनाने में किसी प्रकार की समस्या नहीं हो.






