Haryana: हरियाणा में कांवड़ियों की पिकअप गाड़ी हाईवोल्टेज तारों से टकराई, करंट लगने से दो की मौत, दो गंभीर

Haryana News: हरियाणा के यमुनानगर जिले से सावन माह के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे, हरिद्वार डाक कांवड़ लेने जा रहे श्रद्धालुओं की पिकअप गाड़ी हाईवोल्टेज बिजली के तारों की चपेट में आ गई, जिससे दो कांवड़ियों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान कुलदीप और हरीश के रूप में हुई है। वहीं रिंकू और सुमित गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज यमुनानगर के सिविल अस्पताल में चल रहा है। बताया गया कि हादसे के वक्त गाड़ी में करीब 15 कांवड़िए सवार थे, जो यमुनानगर के गुमथला गांव से हरिद्वार जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार, बारिश से बचने के लिए पिकअप पर तिरपाल डाली गई थी, जिसे रोकने के लिए बीच में लोहे का पाइप लगाया गया था। गांव की गलियों से गुजरते समय यह पाइप ऊपर से गुजर रही हाईवोल्टेज लाइन से टकरा गया, जिससे पूरे वाहन में बिजली का करंट दौड़ गया। हादसे में पिकअप के तीन टायर भी फट गए।
घटना के समय गांव में काफी लोग मौजूद थे, लेकिन बिजली के डर से किसी ने तुरंत गाड़ी को नहीं छुआ। जब यह सुनिश्चित हो गया कि अब करंट नहीं है, तब जाकर ग्रामीणों ने कांवड़ियों को गाड़ी से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। जठलाना थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने कुलदीप और हरीश को मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों के अनुसार, कुलदीप पेशे से राज मिस्त्री थे और चार बच्चों के पिता थे , जिनकी उम्र 8 से 14 साल के बीच है। वहीं हरीश की कीटनाशक की दुकान थी, और वह भी तीन बच्चों के पिता थे।
जांच अधिकारी रजिंदर सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है। अभी तक किसी पर कानूनी कार्रवाई की पुष्टि नहीं हुई है।