Senior Citizen Samman Yojana: हरियाणा सरकार बुजुर्गों को मान-सम्मान देने और समाज निर्माण में उनके अनुभव का लाभ उठाने के लिए निरंतर ठोस कदम उठा रही है। इसी दिशा में राज्य सरकार ने वर्ष 2025-26 के लिए वरिष्ठ नागरिक सम्मान पुरस्कार योजना के तहत आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस योजना का उद्देश्य समाज सेवा, कला, खेल और बहादुरी जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित कर उन्हें नई पहचान और प्रोत्साहन प्रदान करना है।
जिला उपायुक्त अभिषेक मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह योजना सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जातियां एवं पिछड़े वर्ग कल्याण विभाग, हरियाणा द्वारा संचालित की जा रही है। योजना के अंतर्गत शतवर्षीय पुरस्कार, श्रेष्ठ माता, शौर्य एवं बहादुरी, आजीवन उपलब्धि जैसे व्यक्तिगत पुरस्कारों के साथ-साथ वरिष्ठ पेंटर, मूर्तिकार, संगीतकार और खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि संस्थागत श्रेणियों में श्रेष्ठ पंचायत पुरस्कार, श्रेष्ठ स्वैच्छिक संगठन (एनजीओ) पुरस्कार, श्रेष्ठ वृद्धाश्रम और श्रेष्ठ दैनिक देखभाल केन्द्र को भी शामिल किया गया है। पुरस्कार राशि की बात करें तो कला एवं खेल श्रेणियों में प्रथम पुरस्कार 50 हजार रुपए, द्वितीय पुरस्कार 30 हजार रुपए तथा तृतीय पुरस्कार 20 हजार रुपए निर्धारित किया गया है। वहीं, संस्थागत श्रेणियों के लिए प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपए, द्वितीय पुरस्कार 75 हजार रुपए और तृतीय पुरस्कार 50 हजार रुपए प्रदान किए जाएंगे।
डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि इच्छुक व्यक्ति या संस्थाएं अपनी उपलब्धियों से संबंधित प्रमाण पत्र एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ विभाग के पोर्टल https://award.socialjusticehry.gov.in पर 12 जनवरी, 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन व्यक्तियों या संस्थाओं को पिछले तीन वर्षों में इस योजना के अंतर्गत पुरस्कार मिल चुका है, वे उसी श्रेणी में पुनः आवेदन के पात्र नहीं होंगे।
उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों और संस्थाओं से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि यह पहल न केवल बुजुर्गों के सम्मान को बढ़ावा देगी, बल्कि समाज के निर्माण में उनके अनुभव और योगदान को भी नई दिशा प्रदान करेगी।








